
नई दिल्लीः मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गायों के अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम बनाया जाएगा। भोपाल नगर निगम ने इसके लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। निगम के महापौर आलोक शर्मा ने शुक्रवार को कहा, गाय दूध देती है तो उसकी पूजा होती है। लेकिन मरने के बाद उसे कहीं भी फेंक दिया जाता है। उसकी इस उपेक्षा को खत्म करने के लिए भोपाल नगर निगम गौ-मुक्तिधाम बनाना चाहता है। जगह मिलते ही हम गो-मुक्तिधाम बनाएंगे। शर्मा के अनुसार, गो-श्मशान केंद्र के निर्माण की चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काल में ही शुरू हो गई थी। अब इसे आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा शासित नगर निगम के महापौर के ऐलान पर प्रदेश के कांग्रेसी मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि गायों के लिए जो भी अच्छा काम करेगा, सरकार उसे प्रोत्साहित करेगी। सरकार अपने वचनपत्र पर काम कर रही है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपने वचनपत्र में गायों के लिए हर ग्राम पंचायत में गोशाला बनाने का वादा किया था। उस पर अमल के भी सरकारी स्तर पर प्रयास हो रहे हैं। इससे पहले भाजपा ने सितंबर, 2017 में आगर मालवा जिले में गो-अभयारण्य बनाया था, जो देश का पहला गौ-अभयारण्य था। प्रदेश में करीब 2.27 करोड़ मवेशी हैं, जिसमें 90 लाख दुधारू पशु हैं। इनमें 54 लाख गाएं शामिल हैं।